धनबाद।सीवीओ सीआईएल, ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने अपने दो-दिवसीय बीसीसीएल दौरे के दूसरे दिन आज सिजुआ एवं कतरास क्षेत्रीय कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का निरीक्षण किया तथा क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आयोजित सतर्कता संगोष्ठी में नव-नियुक्त मैनेजमेंट ट्रेनी, अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ सतर्कता, पारदर्शिता एवं सुशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
क्षेत्रीय कार्यालय भ्रमण के क्रम में ब्रजेश त्रिपाठी ने सर्वप्रथम कार्यालय परिसर स्थित सिजुआ एवं कतरास आईसीसीसी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में लाइव स्ट्रीमिंग का जायजा लिया तथा जीपीएस इनेबल्ड व्हीकल ट्रैकिंग, रूट फेंसिंग तथा उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान सिजुआ एरिया 5 और कतरास एरिया 4 के तहत बांसजोड़ा रेलवे साइडिंग, आरएफआईडी बूम बैरियर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, वेटमेंट सिस्टम इत्यादि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कंट्रोल रूम में संचालित विभिन्न नियंत्रण प्रणालियों का अवलोकन किया। उन्होंने क्षेत्र की खदानों में लागू इस प्रभावी तंत्र की सराहना की तथा अधिकारियों से इस सुविधा के माध्यम ने निगरानी तंत्र को और प्रभावी तथा त्वरित बनाने का निर्देश दिया।
इस दौरान निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा,सीवीओ बीसीसीएल, दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता/सीआईएल) एन.आर श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (सतर्कता) बीसीसीएल,एन.के ठाकुर, महाप्रबंधक (ईएनटी)आर.आर कर्ण, महाप्रबंधक (सिजुआ) निर्झर चक्रबर्ती, महाप्रबंधक (कतरास) बी.के झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
त्रिपाठी ने इसके उपरांत क्षेत्रीय कार्यलय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’, ‘एक पेड़ सतर्कता के नाम’ अभियान एवं विषय के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली का संदेश दिया। इस अवसर पर सीवीओ श्रीमती दीप्ति पटेल सहित उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर स्वच्छ-हरित पर्यावरण तथा प्रकृति के प्रति संरक्षण की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
क्षेत्रीय भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में सीवीओ सीआईएल ने एम.टी हॉस्टल परिसर क्षेत्र स्थित प्रज्ज्वला महिला समिति कांफ्रेंस हॉल में आयोजित सतर्कता संगोष्ठी में अपनी सहभागिता की। उन्होंने नव-नियुक्त मैनेजमेंट ट्रेनी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सतर्कता से जुड़े विभिन्न प्रावधानों, सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों एवं संगठनात्मक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डीटीपीपी श्री राजीव कुमार सिन्हा, सीवीओ श्रीमती दीप्ति पटेल सहित सभी वरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।
अपने संबोधन में श्री त्रिपाठी ने कहा कि सतर्कता प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की कार्यशैली, सोच और दायित्वबोध से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों के साथ करे तो संगठन की कार्यक्षमता, विश्वसनीयता तथा जनविश्वास स्वतः सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि सतर्कता को केवल औपचारिक प्रक्रिया न मानकर दैनिक कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं नव-नियुक्त कर्मियों का आह्वान किया कि वे सदैव निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा के उच्च मानकों का पालन करते हुए संगठन के उद्देश्यों की प्राप्ति में सक्रिय योगदान दें तथा तकनीक-संचालित कार्यप्रणालियों को प्रभावी ढंग से अपनाकर परिचालन दक्षता एवं सुशासन को और अधिक मजबूत करें।
अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना)राजीव कुमार सिन्हा ने संगठनात्मक कार्यसंस्कृति में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को अनिवार्य तत्व बताते हुए कहा कि तकनीकी उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली ही किसी भी संस्था की दीर्घकालिक सफलता का आधार होती है।
सीवीओ बीसीसीएल, दीप्ति पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बीसीसीएल डिजिटल एवं सूचना प्रौद्योगिकी आधारित विभिन्न पहलों के माध्यम से अपने निगरानी तंत्र को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी आधुनिक तकनीकों, नवाचार आधारित प्रणालियों तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली को अपनाते हुए उत्कृष्ट निगरानी व्यवस्था एवं उत्तरदायी कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इससे पूर्व संगोष्ठी कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत एवं सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत के उपरांत क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सिजुआ निर्झर चक्रवर्ती ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का संक्षिप्त परिचय दिया।
इसके उपरांत सिजुआ एवं कतरास क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से क्षेत्र में संचालित विभिन्न परिचालन गतिविधियों, उपलब्धियों तथा सतर्कता संबंधी डिजिटल पहलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, आरएफआईडी आधारित बूम बैरियर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, वेटमेंट सिस्टम, जीपीएस आधारित वाहन ट्रैकिंग प्रणाली, एआई बेस्ड सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली सहित विभिन्न डिजिटल निगरानी प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में खदानों में संचालित डी-वाटरिंग मैकेनिज़्म, एनवायरनमेंट एंड लैंड एनक्रोचमेंट् क्लियरेंस, विभिन्न पर्यावरणीय पहलों सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर त्रिपाठी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘इंटीग्रिटी प्रॉमिस’ (सत्यनिष्ठा की शपथ) दिलाई तथा सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के अनुरूप करने का आह्वान किया।
विदित हो कि अपने दो-दिवसीय बीसीसीएल भ्रमण के दौरान सीवीओ सीआईएल,ब्रजेश त्रिपाठी ने कल कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित ‘मिशन सीआईएल@2026: रिफ़ॉर्म, ट्रांसफ़ॉर्म, परफ़ॉर्म एंड इन्फ़ॉर्म’ विषय पर एक विशेष सतर्कता संवादात्मक सत्र-सह-संगोष्ठी में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में सहभागिता करते हुए सतर्कता, सुशासन, संस्थागत पारदर्शिता, नैतिक आचरण तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा आज इसी कड़ी में सिजुआ एवं कतरास क्षेत्रीय कार्यालयों का भ्रमण कर उन्होंने नव-नियुक्त कर्मियों को संबोधित किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
