सीसीएल में “ऊर्जा सुरक्षा के परिप्रेक्ष्य” पर कार्यशाला आयोजित

Spread the love

रांची,सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी)एवं एनआईपीएम,रांची चैप्टर के तत्वावधान में आज दिनांक 25 जून 2026 को “Perspective of Energy Security at CCL” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य ऊर्जा सुरक्षा के राष्ट्रीय एवं औद्योगिक परिप्रेक्ष्य, भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं, उभरती चुनौतियों तथा सतत ऊर्जा उपलब्धता के विभिन्न आयामों पर सार्थक विमर्श करना था।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन )हर्ष नाथ मिश्र,एमसीएल के निदेशक (मानव संसाधन )केशव राव, महाप्रबंधक (अधि.स्थापना)एस.के. ठाकुर,महाप्रबंधक (एचआरडी)एम.एफ. हक सहित सीसीएल परिवार के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने स्वागत संबोधन में सीसीएल के निदेशक (कार्मिक)एच.एन.मिश्रा ने मुख्य अतिथि एमसीएल के निदेशक (कार्मिक)  केशव राव का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने राव को ज्ञान और सूचना अर्जित करने की निरंतर जिज्ञासा रखने वाले विद्वान व्यक्तित्व के रूप में सराहा। साथ ही, उन्होंने उनके साथ अपने दीर्घ पेशेवर संबंधों और साझा कार्ययात्रा को भी रेखांकित किया।

कार्यशाला का मुख्य वक्तव्य एमसीएल के निदेशक (मा.स.)केशव राव ने दिया। अपने संबोधन में उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा की अवधारणा, भविष्य में ऊर्जा मांग को पूरा करने से जुड़ी चुनौतियों,ऊर्जा क्षेत्र में उभरते परिदृश्यों तथा वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों एवं रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि देश की सतत प्रगति, औद्योगिक विकास और आर्थिक स्थिरता के लिए ऊर्जा सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही, उन्होंने बदलते वैश्विक परिदृश्य में ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग,दीर्घकालिक योजना और टिकाऊ ऊर्जा विकल्पों को अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

केशव राव के विचारोत्तेजक व्याख्यान ने उपस्थित प्रतिभागियों को ऊर्जा सुरक्षा के वर्तमान और भावी परिदृश्य को समझने का व्यापक दृष्टिकोण प्रदान किया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े रणनीतिक,व्यावहारिक और नीतिगत पहलुओं पर उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक एस.के. ठाकुर द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए सभी गणमान्य अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह कार्यशाला सीसीएल में ज्ञान-विनिमय,समसामयिक विषयों पर विमर्श तथा संगठन के अधिकारियों एवं कर्मियों के बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *