बीसीसीएल द्वारा कोर्ट मोड़ एवं स्टील गेट क्षेत्र में पनशालाओं का शुभारंभ

Spread the love

धनबाद। जिले में जारी भीषण गर्मी एवं तापमान के बीच राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं निर्मल पेयजल के माध्यम से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बीसीसीएल द्वारा आज अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत कोर्ट मोड़, रणधीर वर्मा चौक तथा MSDI-III, स्टील गेट के समीप दो पनशालाओं (पेयजल केंद्रों) का शुभारंभ किया गया। इन पनशालाओं के माध्यम से आमजन को नियमित रूप से निर्मल एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

पनशालाओं का उद्घाटन महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी)  सुधाकर प्रसाद, महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  कुमार मनोज तथा विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध/सीएसआर)  सुरेन्द्र भूषण ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कोयला भवन मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों के बीच शीतल पेयजल, शरबत इत्यादि का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बीसीसीएल अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से जनहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सेवा के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। कंपनी समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यक्रम संचालित करती रही है। इसी क्रम में उक्त पनशालाओं की शुरुआत की गई है, जिससे गर्मी के दिनों में आमजन को स्वच्छ, निर्मल जल सहज रूप से उपलब्ध हो सके। बीसीसीएल अपनी सीएसआर पहलों के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक कल्याण के कार्यों को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *