धनबाद। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के पांचवें दिन आज कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में सिग्नेचर अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को सुदृढ़ करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन एवं कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने हेतु सामूहिक संकल्प के लिए प्रेरित करना था। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता सिग्नेचर बोर्ड पर हस्ताक्षर कर स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्यस्थल बनाए रखने तथा स्वच्छता के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर विभिन्न कार्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा स्वच्छ परिवेश एवं जनभागीदारी के महत्व पर बल दिया गया।
इसी क्रम में बस्ताकोला क्षेत्र, ब्लॉक-II क्षेत्र, वॉशरी डिवीजन तथा चांच विक्टोरिया (सीवी) क्षेत्र सहित बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में सिग्नेचर अभियान आयोजित किए गए। ब्लॉक-II क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में सिग्नेचर अभियान के साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया, जबकि बस्ताकोला क्षेत्र में कार्यालय परिसर की साफ-सफाई के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसी प्रकार वॉशरी डिवीजन एवं अन्य क्षेत्रों में भी सिग्नेचर अभियान एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन कर स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत अब तक स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान, तालाबों, जल स्रोतों एवं कॉलोनियों की साफ-सफाई तथा वर्षा जल संचयन प्रणालियों के निरीक्षण जैसी विभिन्न गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज सिग्नेचर अभियान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता को और सशक्त किया। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता प्रशिक्षण, पौधारोपण अभियान, साइबर स्वच्छता जागरूकता सत्र, स्वच्छता रैली तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
