बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र में ‘कंज्यूमर मीट’ का आयोजन

Spread the love

धनबाद। बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र में आज उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ‘कंज्यूमर मीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोकिंग कोल कन्ज़्यूमर्स को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहाँ वे अपनी समस्याएँ, सुझाव एवं अपेक्षाएँ सीधे कंपनी प्रबंधन के समक्ष रख सकें तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में आवश्यक पहल सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक,  ए.के सिन्हा सहित   लोदना क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े पदाधिकारी, उनकी टीम, साइडिंग मैनेजर, प्रयोगशाला के तकनीकी कर्मी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक,  ए.के सिन्हा ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन अपने सभी उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यालय स्तर पर आयोजित ‘एनआरएस कंज्यूमर मीट’ में बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन द्वारा उपभोक्ताओं के समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु क्षेत्रीय स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया था, जिसके तहत उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे उपभोक्ता संतुष्टि एवं सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके। बैठक में टाटा, एमपीएल, सेल सहित लोदना क्षेत्र के विभिन्न उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत किया, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा विचार करते हुए उचित क्रियान्वयन का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम ने विभिन्न स्तरों पर समन्वय एवं संवाद को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन एरिया सेल्स मैनेजर श्री नीलमणि सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *