स्पेशल कैम्पेन 5.0 के लिए बीसीसीएल तैयार : रणनीतिक समीक्षा और जनकेंद्रित पहलों पर विशेष जोर

Spread the love

धनबाद, । भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल स्पेशल कैम्पेन 5.0 का उद्देश्य स्वच्छता को संस्थागत रूप देना, प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना तथा सभी सार्वजनिक उपक्रमों और सरकारी विभागों में स्वच्छता की प्रथाओं को प्रोत्साहित करना है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2025 से आरंभ होगा इसमें नवाचार, मापनीय परिणामों और सभी हितधारकों की सहभागिता पर विशेष बल दिया गया है।

देशव्यापी अभियान की तैयारियों के क्रम में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) एम. के. रमैया सहित संबंधित नोडल अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों और उनकी प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीएमडी  अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि स्पेशल कैम्पेन 5.0 भारत सरकार की उस दृष्टि से जुड़ा हुआ है, जिसमें स्वच्छता को बढ़ावा देना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक दक्ष बनाना तथा स्वच्छता प्रथाओं को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना शामिल है। उन्होंने सभी क्षेत्रों और विभागों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि इस अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके और सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिले।

तैयारियों के क्रम में, 1 अक्टूबर 2025 को कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव की अध्यक्षता में एक अनुवर्ती समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। इस बैठक में बीसीसीएल ने अपनी कार्ययोजना और प्रस्तावित प्रमुख पहलों का प्रस्तुतिकरण किया। सचिव ने बीसीसीएल की योजनाओं की सराहना की तथा सभी पीएसयूज़ को नवाचार अपनाने और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा कर अनुकरणीय उदाहरण स्थापित करने के लिए प्रेरित किया सभी क्षेत्रों और मुख्यालय स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन कार्यालयों को सीएमडी, बीसीसीएल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बीसीसीएल के संचालन क्षेत्रों तथा शहर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर अवैध खनन के खतरों, खान सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण पर जनजागरूकता फैलाई जाएगी।क्षत्रों में अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में बदलने वाले नवोन्मेषी प्रोजेक्ट्स संचालित किए जाएंगे, जिससे अर्थव्यवस्था और सतत् विकास को बल मिलेगा। पुराने लेकिन कार्यशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (पीसी, यूपीएस, प्रिंटर आदि) को पुनर्नवीनीकरण कर वंचित वर्गों, विशेषकर विद्यालयों और सामुदायिक केंद्रों में वितरित किया जाएगा। धनबाद के विभिन्न विद्यालयों में विशेष सत्र और संबोधन आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य बच्चों में स्वच्छ आदतें विकसित करना और प्रारंभिक अवस्था से ही नागरिक उत्तरदायित्व की भावना जगाना होगा। गांधी जयंती (2 अक्टूबर 2025) को स्पेशल कैम्पेन 5.0 का औपचारिक शुभारंभ होगा। बीसीसीएल इस अभियान को सामाजिक सहभागिता, मापनीय उपलब्धियों और सामुदायिक जुड़ाव के माध्यम से सफल बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *