खुर्जा, ।टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने दिनांक 10 एवं 11 जून 2026 को खुर्जा उच्च ताप विद्युत परियोजना (केएसटीपीपी) का दो दिवसीय दौरा किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) दुर्गा प्रसाद पात्रो भी उनके साथ उपस्थित रहे। परियोजना आगमन पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया तथा श्री दिलीप कुमार द्विवेदी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने उन्हें प्लांटर भेंट कर अभिनंदन किया।
दौरे के दौरान अधिकारियों द्वारा परियोजना की वर्तमान परिचालन स्थिति, उत्पादन उपलब्धियों, मानव संसाधन गतिविधियों तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं कल्याणकारी पहलों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्हें परियोजना की दोनों इकाइयों के सफल वाणिज्यिक संचालन, उत्पादन प्रदर्शन तथा भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
डॉ. त्रिपाठी एवं पात्रो ने मुख्य संयंत्र क्षेत्र, नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक भवन तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी कार्य परिस्थितियों, उपलब्ध सुविधाओं तथा सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में डॉ. त्रिपाठी ने परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने श्रम कानूनों के समुचित एवं प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की तथा कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण एवं श्रम कानूनों का अनुपालन कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा संगठन की सतत प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने मानव संसाधन विकास, कर्मचारी कल्याण, प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उत्पादकता एवं कर्मचारी सहभागिता बढ़ाने हेतु आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने परियोजना द्वारा प्राप्त उपलब्धियों एवं किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही।
