टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के ‘मिशन शक्ति-2026’ का सफल समापन…..

Spread the love

 30 बालिकाओं के जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन, विदाई के समय भावुक हुआ पूरा वातावरण

खुर्जा बुलंदशहर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा अपनी प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल सेवा-टीएचडीसी के अंतर्गत खुरजा उच्च तापीय विद्युत परियोजना में आयोजित 25 दिवसीय गैर-आवासीय बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम “मिशन शक्ति-2026” का 14.06.2026 प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। 21 मई को प्रारंभ हुआ यह विशेष कार्यक्रम आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की 30 वंचित बालिकाओं के समग्र विकास हेतु समर्पित था। मात्र 25 दिनों में यह कार्यक्रम एक प्रशिक्षण शिविर से कहीं बढ़कर बालिकाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और जीवन-दृष्टि को नई दिशा देने वाला एक सशक्त सामाजिक अभियान बन गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बालिकाओं ने नृत्य, नुक्कड़ नाटक, विज्ञान एवं कला-शिल्प प्रदर्शनी तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सीखी गई क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शाया कि अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण परिवेश की बेटियाँ भी असाधारण उपलब्धियाँ हासिल कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, आत्मरक्षा, योग, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, आत्मविश्वास निर्माण, कला एवं शिल्प, शारीरिक शिक्षा तथा बुनियादी शैक्षणिक शिक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, बालिकाओं के पोषण स्तर में सुधार लाना भी कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य रहा, जिससे उनके समग्र शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण कराया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही, कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को मंजरी लेडीज़ क्लब द्वारा विशेष स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम के उद्घाटन दिवस पर बालिकाओं को ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, ट्रैक सूट, स्पोर्ट्स वियर, स्टेशनरी सामग्री, योगा सामग्री, पानी की बोतलें सहित उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष किट प्रदान किए गए थे, जिससे वे पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानपूर्वक एवं आत्मविश्वास के साथ भागीदारी कर सकें। यह कार्यक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक  सिपन कुमार गर्ग के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ किया गया था तथा इसका संचालन रिपब्लिक फेडरेशन सोसाइटी के सहयोग से किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक (परियोजना)  कुमार शरद एवं श्रीमती बिनीता शरद उपस्थित रहीं। इस अवसर पर बालिकाओं को उनकी सहभागिता एवं उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र तथा पठन-पाठन की आदत विकसित करने हेतु पुस्तकों का वितरण किया गया। पुस्तकें टीएचडीसी के सीएसआर विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रदान की गईं। कार्यक्रम के समापन का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब कई बालिकाएँ अपने प्रशिक्षकों और शिक्षकों को गले लगाकर भावुक हो उठीं। उनकी आँखों में आँसू थे, लेकिन उनमें आत्मविश्वास, अपनापन और एक बेहतर भविष्य के सपने भी साफ दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि “मिशन शक्ति-2026” केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को छू लेने वाला एक परिवर्तनकारी अनुभव बन चुका था।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक  बिनोद कुमार साहू ने कहा कि अपेक्षा है कि छात्राएँ एवं उनके परिवार इस कार्यक्रम से प्राप्त सीख को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड भविष्य में भी समाज के समग्र विकास, महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाता रहेगा। समारोह में अपर महाप्रबंधक (सतर्कता)  एन. के. भट्ट, अपर महाप्रबंधक (विद्युत)  अरुण कुमार, अपर महाप्रबंधक (टीजी)  मुकुल शर्मा, उप महाप्रबंधक (सीएसआर)  विजय सिंह बिष्ट, उप महाप्रबंधक (एचआर)  दिलीप द्विवेदी, टीएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारीगण, मंजरी लेडीज़ क्लब की सदस्याएँ, छात्राएँ एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। ‘मिशन शक्ति-2026’ ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि बेटियों को सही अवसर, सही मार्गदर्शन और समाज का सहयोग मिले, तो वे केवल अपना भविष्य ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य बदल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *