सोनभद्र, सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में आगामी ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के उपलक्ष्य में पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत कंपनी की सभी परियोजना और इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एनसीएल मुख्यालय, निगाही, कृष्णशिला, अमलोरी परियोजना एवं नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में पर्यावरण जागरूकता रैली, वेस्ट टू वंडर, पर्यावरण जी.ए. ओलम्पियाड एवं प्रश्नोतरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया ।

‘आरोहण’ के 930 बच्चों ने संभाली कमान, पर्यावरण संरक्षण के नारों से गूंजा परिसर
एनसीएल में आयोजित पर्यावरण सप्ताह का सबसे खूबसूरत रंग कंपनी के “आरोहण” समर कैंप 2026 के बच्चों ने बिखेरा। कैंप के लगभग 930 बाल प्रतिभागियों ने पर्यावरण जागरूकता रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां थामे इन बच्चों ने आम जनता को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” और “हरित पृथ्वी, सुरक्षित भविष्य” जैसे जोशीले नारों से पूरे माहौल को पर्यावरण मय कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से सिंगल-यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने और प्राकृतिक संसाधनों को सहेजने हेतु आह्वान भी किया।
कबाड़ से जुगाड़: ‘वेस्ट टू वंडर’ में दिखा हुनर
‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपशिष्ट सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शित मॉडलों में एयर प्यूरीफायर, हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी मॉडल, वाटर प्यूरीफायर, होम डेकोर उत्पाद सहित अनेक कार्यशील एवं गैर-कार्यशील) मॉडल शामिल रहे। गौरतलब है कि ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ प्रतिवर्ष 5 जून को वैश्विक स्तर पर प्रकृति के संरक्षण के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस “प्रकृति से प्रेरित: जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” विषय पर मनाया जाएगा।
