पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश
सोनभद्र। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने मतदान केंद्र संख्या-256 इंटर कॉलेज ओबरा, केंद्र संख्या-255 विकास खंड चोपन तथा केंद्र संख्या-252 जय ज्योति उत्तर माध्यमिक विद्यालय चुर्क का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस बल की तैनाती, मतदाताओं के आवागमन तथा प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित स्थानों पर मुस्तैदी से तैनात रहने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
