सिंगरौली सोमवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफ़ील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से नवीन तालाबों के निर्माण हेतु जिला प्रशासन, सिंगरौली के साथ एमओयू किया।
इस एमओयू के अंतर्गत सीएसआर के तहत एनसीएल द्वारा चितरंगी के ग्राम सुलखान खुर्द, ग्राम नैक़हवा एवं ग्राम कोरसर में 3 नवीन तालाबों के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये का वित्तीय सहयोग किया जाएगा।
एनसीएल के इस प्रयास से जल संरक्षण के साथ भूजल स्तर में सुधार होगा जिस से स्थानीय किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल सुलभ मिलेगा जिससे जलजनित बीमारियों में कमी आएगी।
इस दौरान एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन और जिला ज़िला प्रशासन, सिंगरौली की ओर से पंचायत सीईओ, जगदीश गोमे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
गौरतलब है कि “जल गंगा संवर्धन” अभियान की शुरुआत पिछले वर्ष मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा जल संरक्षण व जल संरचनाओं के विकास हेतु की गई थी। एनसीएल द्वारा अपनी सीएसआर पहल ‘स्वच्छ जल’ के माध्यम से स्थानीय परिक्षेत्र में स्वच्छ जल उपलब्धता हेतु और 52 तालाबों, 18 चेक डैम, 44 आरओ प्लांट्स, 2946 हेडपम्प इत्यादि की स्थापना की गई है।
