प्रयागराज छिवकी एवं प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चलाया गया सघन टिकट चेकिंग अभियान

Spread the love

 प्रयागराज । यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने तथा टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान संचालित किए जाते हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, श्री रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, हरिमोहन के निर्देशन में 28 मई, 2026 को प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्क्वाड ड्यूटी के माध्यम से व्यापक टिकट जांच की गई। अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने अत्यंत सतर्कता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कीं।

उप मुख्य टिकट निरीक्षक/प्रयागराज छिवकी, रविकांत त्रिपाठी ने स्क्वाड ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करते हुए कुल 134 मामले दर्ज किए तथा ₹1,56,650/- की रिकॉर्ड व्यक्तिगत टिकट चेकिंग आय अर्जित की। उनकी यह उपलब्धि उनके कर्तव्यनिष्ठ, सजग एवं प्रतिबद्ध कार्यशैली का परिचायक है। इसी क्रम में उप मुख्य टिकट निरीक्षक/प्रयागराज, कौशल कुमार ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 108 मामले दर्ज किए तथा ₹1,15,700/- की प्रभावशाली टिकट चेकिंग आय अर्जित की। उनका यह उत्कृष्ट योगदान टिकट चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध हुआ।

दोनों कर्मचारियों का यह सराहनीय प्रदर्शन न केवल प्रयागराज मंडल के लिए गौरव का विषय है, बल्कि समस्त टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए प्रेरणास्रोत भी है। इस प्रकार की उपलब्धियाँ यह सिद्ध करती हैं कि सक्रिय कार्यशैली, समर्पित प्रयास एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से असाधारण परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रयागराज मंडल यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *