प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे/प्रयागराज मंडल के मंडल सभागार में आज श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में महिला कल्याण समिति द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समर्पण, परिश्रम एवं उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करना था।
समारोह के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों से चयनित कुल 51 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल उपस्थित रहीं। उन्होंने कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए रेलवे के सुचारु संचालन एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

अपने संबोधन में वंदना अग्रवाल ने कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति उसके कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि रेलवे परिवार के प्रत्येक कर्मचारी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके अथक परिश्रम से ही भारतीय रेल निरंतर नई उपलब्धियां प्राप्त कर रही है। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी संगठन की सुदृढ़ नींव होता है तथा महिला कल्याण समिति सदैव कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु प्रतिबद्ध रही है। समिति द्वारा भविष्य में भी कर्मचारियों के उत्साहवर्धन एवं कल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित कर्मचारियों में विशेष उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखने को मिला। कर्मचारियों ने महिला कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्ष गुलशन वारिस, प्रज्ञा दीपक कुमार, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
