विशेष कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ता समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए – मंत्री ए.के. शर्मा

Spread the love

ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने दिए आवश्यक निर्देश

आंधी-तूफान से प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश

विद्युत कैंपों की रोजाना मॉनिटरिंग और शिकायतों के विश्लेषण पर जोर

*बरसात से पहले नाले-नालियों की सफाई और जलभराव रोकने के निर्देश*

*स्वच्छ सर्वेक्षण और लीगेसी वेस्ट निस्तारण में बेहतर कार्य करने वाले निकायों की सराहना*

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज संगम सभागार, लखनऊ में ऊर्जा विभाग एवं नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता समस्याओं के निस्तारण तथा नगर विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि जहां-जहां विद्युत कैंप लगाए जा रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें तथा प्रतिदिन यह सुनिश्चित करें कि कितनी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनकी प्रकृति क्या है तथा उनका वर्गीकरण कर उसका विश्लेषण किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री श्री शर्मा ने निर्देशित किया कि जहां भी विद्युत फाल्ट, ट्रांसमिशन संबंधी समस्या अथवा ट्रांसफार्मर जलने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण रायबरेली, प्रतापगढ़, भदोही एवं प्रयागराज सहित कई जनपदों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी।ऊर्जा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्धस्तर पर दिन-रात कार्य कर विद्युत व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुचारु किया जाए।

बैठक में सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी दी तथा कहा कि विशेष कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ता समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। बैठक में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष नीतीश कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी डिस्कॉम के एमडी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान ऊर्जा संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया। लोगों से अपील की गई कि पेट्रोल एवं डीजल का कम उपयोग करें, कार पूलिंग अपनाएं तथा ऊर्जा की बचत को जनहित का अभियान बनाएं।

नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। इसमें वंदना योजना, अंत्येष्टि स्थल, सीएमएनएसवाई, कम ग्रेड उपवन योजना सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कई जनपदों में लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु अच्छा कार्य हो रहा है, जो सराहनीय है। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर निकायों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की गई।

नगर विकास मंत्री ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व नाले-नालियों की सफाई समय रहते पूर्ण कर ली जाए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। जहां कहीं सड़कें टूटी हों, जलभराव हो रहा हो अथवा अन्य नगरीय समस्याएं हों, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की दैनिक निगरानी की जाए तथा स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए। इस दौरान प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, सचिव  अनुज झा, रविंद्र कुमार, विशेष सचिव  सत्यप्रकाश पटेल, प्रवीण लक्षकार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *