पूर्व विधायक ने चन्दौली में लूट चोरी और प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की
चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने गुरुवार को एक बार फिर जनपद पुलिस पर निशाना साधा। इस बार भी उन्होंने जनपद में बढ़ती चोरी व डकैती की घटनाओं का जिक्र करते हुए चिंता व्यक्त किया। कहा कि पुलिस कागजों पर अपराध कम करने के लिए एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है, जबकि धरातल पर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बुधवार की मध्य रात चंदौली मझवार स्टेशन के बाहर हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए चंदौली कोतवाली पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े किए। कहा कि चंदौली समेत पूरे यूपी में क्या चल रहा है यह आम जनता समझ नहीं पा रही है। अपराध पर अपराध होते जा रहे है, लेकिन पुलिस चोरी की घटनाओं की प्राथमिकी नहीं लिख रही है।
उन्होंने बताया कि बुधवार की मध्य रात उनके रिश्तेदार बरहनी ब्लाक के खुरहट गांव निवासी अर्जुन सिंह ट्रेन से चंदौली मझवार स्टेशन पर उतरे और उन्होंने अपने बेटे को फोन करके स्टेशन पर बुलाया। लेकिन कोहरा होने के कारण चंदौली आने में हो रही दिक्कत को देखते हुए अर्जुन सिंह के पुत्र ने उन्हें आटो लेकर सैयदराजा आने की बात कही और बरहनी से धीरे-धीरे आगे बढ़े। इसी बीच अर्जुन सिंह स्टेशन परिसर से बाहर निकलकर सर्विस लेन पर आटो का इंतजार कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो लोग आए और उन्होंने अर्जुन सिंह को मारपीट कर उनका बैग, पैसे व मोबाइल छिन लिया और भाग निकले। इतने में उनका पुत्र मौके पर पहुंच गया तो उन्होंने घटना की जानकारी अपने बेटे हो दी। इसके बाद दोनों लोग रात में ही चंदौली कोतवाली पहुंचे, जहां कोतवाल मौजूद नहीं थे। इस कारण उनकी शिकायत को पुलिस ने संज्ञान में नहीं लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मनोज सिंह डब्लू ने गुरुवार की सुबह चंदौली कोतवाल से घटना के बाबत बात की तो उन्होंने पीड़ित अर्जुन सिंह को चंदौली कोतवाली बुलाया, जहां से उन्होंने कस्बा पुलिस चौकी भेजा गया। वहां पर अर्जुन सिंह ने अपनी तहरीर पुलिस को देनी चाही तो वहां तैनात कस्बा इंचार्ज देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा खुद ही मोबाइल गुम होने की तहरीर लिख दी। कहा कि चोरी की ऐसी वारदातों को पुलिस अपने स्वलिखित तहरीर से गुमशुदगी में तब्दील करके अपराध का ग्राफ कम करने का काम लम्बे समय से करती चली आ रही है। पुलिस की इसी कार्य प्रणाली से चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है। एफआईआर दर्ज नहीं की गयी न तो छानबीन की गयी , जिससे चोरों का हौसला बढ़ रहा है और ऐसे अपराध भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने एसपी चंदौली को ऐसे प्रकरणों को संज्ञान में लेने की आवश्यकता जताते हुए पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
