बीएसएल में “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक आयोजित

Spread the love

बोकारो । स्टील प्लांट द्वारा आरडीसीआईएस, रांची के समन्वय में 7 एवं 8 मई 2026 को “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय इस्पात उद्योग से जुड़े 80 से अधिक विशेषज्ञ एवं तकनीकी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह समिति कोकिंग परिचालन से संबंधित पारंपरिक एवं उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए कोयला, कोक एवं कोल केमिकल्स प्रबंधन में दक्षता वृद्धि हेतु अनुभवों तथा सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 07 मई 2026 को मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य सभागार में किया गया। इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन ने सम्मेलन के उद्देश्यों, इसकी प्रासंगिकता तथा भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय इस्पात उद्योग में विचारशील नेतृत्वकर्ता के रूप में बोकारो स्टील प्लांट की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में इस्पात उद्योग के विशेषज्ञों के साथ-साथ बीएसएल के कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

दो दिवसीय तकनीकी सत्रों के दौरान सेल की विभिन्न इकाइयों के साथ-साथ जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, आरआईएनएल एवं एनआईएनएल सहित अन्य इस्पात कंपनियों, अनुसंधान संस्थानों एवं उद्योग सहयोगी संगठनों के विशेषज्ञ परिचालन उत्कृष्टता, कार्यस्थल सुरक्षा, डिजिटलीकरण, डीकार्बोनाइजेशन तथा कोयला एवं कोक संचालन में उभरती अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों जैसे समकालीन विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा कर रहे हैं। यह सम्मेलन इस्पात निर्माण प्रक्रियाओं में कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा अत्याधुनिक तकनीकी समाधानों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विशेषज्ञों के साझा मंथन एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से भविष्य में पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन प्रणालियों तथा तकनीकी रूप से उन्नत इस्पात निर्माण प्रणाली को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *