बीजीएच में आईएसओ 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का री-सर्टिफिकेशन ऑडिट संपन्न

Spread the love

बोकारो । इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ (एमएंडएचएस) विभाग में आईएसओ 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (QMS) का री-सर्टिफिकेशन ऑडिट बाह्य लेखापरीक्षक संस्था मेसर्स टीयूवी के ऑडिटर्स द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। तीन दिवसीय ऑडिट के दौरान विभाग द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, नैदानिक प्रक्रियाओं तथा अस्पताल प्रबंधन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। ऑडिट के समापन के पश्चात बाह्य लेखापरीक्षक दल ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग के आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन को आगामी तीन वर्षों के लिए नवीनीकृत करने की संस्तुति प्रदान की।

उल्लेखनीय है कि ऑडिट की औपचारिक शुरुआत 07 सितंबर 2026 को बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में आयोजित उद्घाटन बैठक के साथ हुई। बैठक की अध्यक्षता अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (बिजनेस एक्सीलेंस) ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा तीन दिवसीय ऑडिट की रूपरेखा और प्रक्रिया की जानकारी दी। टीयूवी के लीड ऑडिटर ने ऑडिट की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक में चिकित्सा विशेषज्ञों, एमएंडएचएस विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों तथा बिजनेस एक्सीलेंस विभाग के अधिकारियों की सहभागिता रही।

तीन दिनों तक चले ऑडिट के दौरान विभिन्न चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, संबंधित प्रक्रियाओं, दस्तावेजीकरण तथा गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अनुपालन का मूल्यांकन किया गया। 09 सितंबर 2026 को आयोजित समापन बैठक में बाह्य लेखापरीक्षक दल ने ऑडिट के निष्कर्षों के साथ-साथ सुधार के संभावित अवसरों से संबंधित बिंदुओं को साझा किया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) ने ऑडिट दल को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के ऑडिट संगठन की प्रणालियों और प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने ऑडिट के दौरान चिन्हित सुधार के बिंदुओं पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उनके क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।

ऑडिट प्रक्रिया को सुचारु एवं सफल बनाने में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग की टीम का सक्रिय योगदान रहा। वहीं, ऑडिट के सफल आयोजन एवं समन्वय का कार्य महाप्रबंधक (बिजनेस एक्सीलेंस) तथा सहायक महाप्रबंधक (बिजनेस एक्सीलेंस) के नेतृत्व में बिजनेस एक्सीलेंस विभाग द्वारा किया गया। आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन का आगामी तीन वर्षों के लिए नवीनीकरण बोकारो इस्पात संयंत्र की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन, रोगी-केंद्रित देखभाल, प्रक्रियागत उत्कृष्टता तथा सेवाओं में निरंतर सुधार के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *