इस लोक में मनुष्यों के दो प्रकार के स्वभाव होते हैं दैवीय व आसुरी: अरुण चौबे

Spread the love

स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा रचित गीता भाष्य यथार्थ गीता पर हुई परिचर्चा

घोरावल तहसील क्षेत्र के धनावल गांव स्थित शांति प्रेम कुटीर में हुआ आयोजन

सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र के धनावल गांव स्थित शान्ति -प्रेम कुटीर में गुरुवार को परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा रचित  गीता भाष्य “यथार्थ गीता” पर परिचर्चा हुई। चर्चा में  गीता की पंक्तियों को उद्धृत करते हुए कहा गया कि इस लोक में मनुष्यों के स्वभाव दो प्रकार के हैं। देवों के जैसा और असुरों के जैसा। परिचर्चा आरंभ करते हुए स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के भक्त एवं गीता जयंती समारोह सोनभद्र के स्वागत सचिव अरुण चौबे ने कहा कि जब हृदय में दैवी सम्पद कार्यरुप ले लेती है तो मनुष्य ही देवता है और जब आसुरी सम्पद का बाहुल्य हो तो मनुष्य ही असुर है।

सृष्टि में ये दो ही जातियां हैं। वह चाहे अरब में पैदा हुआ है, चाहे आस्ट्रेलिया में, कहीं भी पैदा हुआ हो, बशर्ते है इन दो में से ही। उन्होंने कहा कि  गीता के अनुसार  अनेकचित्तविभ्रान्ता मोहजालसमावृता:। अनेक प्रकार से भ्रमित हुए चित वाले , मोह-जाल में फंसे हुए, विषय भोगों में अत्यंत आसक्त वे आसुरी स्वभाव वाले मनुष्य अपवित्र नरक में गिरते हैं। विकास चौबे ने परिचर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि गीता के अनुसार काम, क्रोध और लोभ ये तीन प्रकार के नरक के मूल द्वार हैं। ये आत्मा का नाश करने वाले, उसे अधोगति में ले जाने वाले हैं। अतः इन तीनों को त्याग देना चाहिए। इन्हीं तीनों पर आसुरी सम्पद टिकी हुई है। इन तीनों को त्याग देने पर ही उस कर्म अर्थात नियत कर्म का आरंभ होता है। यही परम कल्याण का माध्यम है। परिचर्चा में लल्लू यादव, बच्चा आदि ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *