एनटीपीसी कहलगाँव सीएसआर द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 260 ग्रामीण लाभान्वित

Spread the love

भागलपुर। ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने की दिशा में एनटीपीसी कहलगाँव के जीवन ज्योति अस्पताल एवं सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम–सौर, ग्राम पंचायत–कैरिया, प्रखंड–कहलगाँव, जिला–भागलपुर (बिहार) में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 260 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में डॉ. कन्हैया लाल यादव एवं डॉ. अभिनंदन जे. श्रीयन ने मरीजों की विस्तृत स्वास्थ्य जाँच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस दौरान मरीजों का रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर के सफल संचालन में एनटीपीसी कहलगाँव की सीएसआर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क, पंजीकरण, शिविर स्थल की व्यवस्था तथा लाभार्थियों के सुचारु प्रबंधन में सक्रिय सहयोग दिया, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। वहीं, जीवन ज्योति अस्पताल की चिकित्सकीय एवं सहयोगी टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा दवा वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया।

यह स्वास्थ्य शिविर एनटीपीसी कहलगाँव जीवन ज्योति अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. कृष्णकांत चौधरी के मार्गदर्शन एवं निगरानी में आयोजित किया गया। उनके नेतृत्व में चिकित्सा दल एवं सीएसआर टीम के समन्वित प्रयासों से ग्रामीणों को उनके गाँव में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें उपचार हेतु दूरस्थ क्षेत्रों की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।स्थानीय ग्रामीणों ने एनटीपीसी कहलगाँव के जीवन ज्योति अस्पताल एवं सीएसआर विभाग की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। यह पहल एनटीपीसी कहलगाँव की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के प्रति प्रतिबद्धता तथा ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *