डीएम और सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
सोनभद्र। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के चार पीएम श्री विद्यालयों के 160 छात्र-छात्राएं रविवार को पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली रवाना हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। भ्रमण में राजकीय इंटर कॉलेज कोन, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी और राजकीय इंटर कॉलेज चपकी के 40-40 विद्यार्थी शामिल हैं। 25 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थी आईआईटी दिल्ली, नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन और नेशनल साइंस सेंटर सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उच्च शिक्षा एवं बेहतर करियर के प्रति प्रेरित करना है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर देते हैं। इससे उनकी जिज्ञासा बढ़ती है और सोच का दायरा व्यापक होता है। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने इसे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चैहान को भ्रमण का जनपद नोडल अधिकारी नामित किया है। वह पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ रहेंगे। प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन यात्रा प्रभारी एवं सह-प्रभारी भी दल के साथ भेजे गए हैं।
