संबलपुर । महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कोयला मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए प्रदान की गई स्टार रेटिंग में अपनी कुल 14 (चौदह) कोयला खदानों के लिए प्रतिष्ठित रेटिंग प्राप्त की है। इनमें 02 भूमिगत तथा 12 खुली (ओपनकास्ट) खदानें शामिल हैं। यह उपलब्धि कंपनी के परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, पर्यावरणीय सततता तथा उत्तरदायी खनन पद्धतियों के प्रति एमसीएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा 7 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, एमसीएल की पाँच ( ओपनकास्ट खदानों- लाजकुरा, सियारमाल, अनंता, लिंगराज एवं समलेश्वरी खदान तथा हिराखंड बुंदिया भूमिगत खदान को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त, पाँच ओपनकास्ट खदानों- गरजनबहाल, गोपालजी-कनिहा विस्तार परियोजना, भुवनेश्वरी, हिंगुला एवं जगन्नाथ कोलियरी तथा नंदिरा भूमिगत खदान को 4-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। वहीं, दो ओपनकास्ट खदानों- बसुंधरा वेस्ट खदान एवं भरतपुर क्षेत्र को 3-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।
उदय अनंत काओले, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर एमसीएल परिवार को बधाई देते हुए कहा कि “यह सम्मान सुरक्षित, सतत एवं प्रौद्योगिकी-संचालित खनन पद्धतियों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। साथ ही, हम राष्ट्र को विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध हैं। एमसीएल परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।”
कोयला मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा मानकों, पर्यावरणीय पहल, आधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिकों से संबंधित वैधानिक अनुपालन तथा आर्थिक प्रदर्शन सहित विभिन्न मानकों पर खदानों के समग्र प्रदर्शन का आकलन करते हुए 1 से 5 के पैमाने पर स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।
