*श्रमिकों के बच्चे, डीएम बनेंगे, एसपी बनेंगे, इंजीनियर व डाक्टर बनेंगे-अनिल राजभर*
*सभी 101 लाभार्थियों को धनराशि 85,85,000/- की धनराशि उनके बैंक खातों में अंतरित हुई*
वाराणसी। प्रदेश के मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय मंत्री अनिल राजभर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को उoप्रo भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों के वस्यक पुत्रियों हेतु संचालित “कन्या विवाह सहायता योजना” के अन्तर्गत मण्डलीय सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने श्रमिकों एवं मौजूद उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने श्रमिकों के उत्थान के विकासपरक तमाम योजनाएं चला रही हैं। बेटियों की शादी से लेकर बच्चों का भविष्य संवारने के लिए पठन-पाठन उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई हैं। इसके लिए प्रदेश मंडल के जनपदों में अटल आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें पढ़कर निश्चित रूप से श्रमिकों के बच्चे, डीएम बनेंगे, एसपी बनेंगे, इंजीनियर व डाक्टर बनेंगे।
मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों को यह विश्वास दिलाती है कि सरकार को श्रमिकों के जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर उनकी सामाजिक सुरक्षा व जरूरतों की चिन्ता है तथा सरकार इस दिशा में उनके लिये विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। श्रमिकां को जागरूक होकर योजनाओं के लाभ लेने के लिये पंजीयन कराने के लिये उन्होंने अपील की। उन्होंने श्रम विभाग के माध्यम से समाज के पिछड़े, गरीब एवं श्रमिक वर्ग के हित के लिये उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम विभाग द्वारा किये जा रहे प्रयासों एवं संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी जन समूह से श्रमिक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने एवं जागरूक होने का आहवान भी किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक, अजगरा, त्रिभुवन राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्तियों के अतिरिक्त विशाल संख्या में श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले श्रमिकगण व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहें।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्री अनिल राजभर एवं विधायक अजगरा त्रिभुवन राम द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। डॉ० महेश कुमार पाण्डेय, उप श्रमायुक्त द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए श्रम विभाग के अन्तर्गत भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों हेतु संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए अवगत कराया गया कि वाराणसी मण्डल में आयोजित “सामूहिक विवाह समारोह में मण्डल के आवर्त जनपदों वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली के 101 कन्याओं का कन्यादान किया जायेगा। योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित प्रत्येक लाभार्थी को रू0–85,000/- का अनुदान बोर्ड द्वारा अनुमन्य है। प्रत्येक लाभार्थी को रू 85,000/- देय हितलाभ के रूप में डीपीटी के माध्यम से अंतरित किये गए। इस प्रकार कुल 101 लाभार्थियों को धनराशि रू 85,85,000/-की धनराशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। जनपद में वित्तीय वर्ष में हितलाभ प्राप्त श्रमिकों विभागीय योजनाओं के विषय में जानकारी दी गयी।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों द्वारा गणेश वंदना/राजस्थानी लोक गीत/कजरी एवं सामूहिक गीत प्रस्तुतीकरण किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर द्वारा अटल आवासीय विद्यालय, वाराणसी के हाईस्कूल परीक्षा- 2026 में कक्षा-10 में उच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र/छात्राओं सर्वश्री हर्ष कुशवाहा-97 प्रतिशत, अभय राजभर-95 प्रतिशत, श्वेता-95 प्रतिशत, अरविन्द-92 प्रतिशत, रवि सैनी- 91 प्रतिशत, जान्वही-91 प्रतिशत, प्रितम यादव-90 प्रतिशत, उजाला कुमार-90 प्रतिशत, मुन्नी कुशवाहा- 88 प्रतिशत एवं अनुपमा-86 को प्रवीणता प्रमाण-पत्र वितरण कर इन बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
