प्रयागराज मंडल की 7वीं जिला रैली का भव्य समापन,सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

Spread the love

स्काउट्स एवं गाइड्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

  प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के तत्वावधान में डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित चार दिवसीय 7वीं जिला रैली का 16 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस रैली में चुनार, मिर्जापुर, कानपुर, प्रयागराज, सूबेदारगंज एवं टूंडला सहित मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिभागी अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं इकाइयों से आए लगभग 300 स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन, टीम भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भाव से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।

स्काउट्स एवं गाइड्स युवाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा समाज सेवा की भावना विकसित करने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जाता है। जिला रैली इसी उद्देश्य की पूर्ति का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां विभिन्न इकाइयों के प्रतिभागी एक साथ मिलकर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं एवं सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। इस प्रकार के आयोजन प्रतिभागियों में सहयोग, भाईचारा, राष्ट्रप्रेम, आपसी सद्भाव तथा विषम परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।

रैली का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं जिला मुख्य आयुक्त, स्काउट्स एवं गाइड्स दीपक कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/कोचिंग एवं जिला आयुक्त/स्काउट कुलदीप कुमार; मंडल मैकेनिकल इंजीनियर/कैरिज एंड वैगन एवं सहायक जिला आयुक्त/स्काउट अंकुर चक्रवर्ती सहित स्काउट्स एवं गाइड्स के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। 

रैली के अंतर्गत 15 नवंबर को महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा प्रज्ञा दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया तिवारी एवं उप सचिव आकांक्षा राणा के सहयोग से मेहंदी, ड्राइंग, रंगोली एवं क्राफ्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त स्काउट्स एवं गाइड्स को परेड, कम्पास के उपयोग तथा भोजन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, समूह नृत्य एवं लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

चार दिवसीय इस रैली का सफल आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक समरसता की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयागराज मंडल की एक सराहनीय पहल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *