राउरकेला। भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित युवा संगम चरण-6 कार्यक्रम के तहत गुजरात से आए 51 युवा प्रतिभागियों के एक प्रतिनिधिमंडल तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद के पाँच समन्वयक अधिकारियों ने सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र का भ्रमण किया। उल्लेखनीय है कि, राउरकेला में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला, भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद के सहयोग से युवा संगम चरण-6 कार्यक्रम का समन्वयन कर रहा है।
संयंत्र में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एलएंडडी), पी के साहू ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए राष्ट्र निर्माण, आधारभूत संरचना विकास तथा इस्पात क्षेत्र में तकनीकी प्रगति में राउरकेला इस्पात संयंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने संयंत्र की प्रमुख उत्पादन एवं तकनीकी इकाइयों का दौरा किया तथा बड़े पैमाने पर इस्पात निर्माण प्रक्रिया, आधुनिकीकरण पहलों और सतत औद्योगिक कार्यप्रणालियों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संयंत्र अधिकारियों के साथ बात-चीत कर संयंत्र की विभिन्न कार्यप्रणालियों के बारे में भी जानकारी हासिल की। अधिकांश प्रतिभागियों के लिए यह किसी इस्पात संयंत्र का पहला भ्रमण था। उन्होंने इस्पात निर्माण प्रक्रिया को निकट से समझने का अवसर प्रदान करने के लिए राउरकेला इस्पात संयंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि, युवा संगम कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक अनुभव दर्शन यात्रा के माध्यम से सांस्कृतिक समझ, भावनात्मक जुड़ाव तथा लोक संपर्क को सुदृढ़ करना है।
