किसान विकास के एजेण्डे का हिस्सा तथा सरकार की प्राथमिकता में होना चाहिए – योगी आदित्यनाथ

Spread the love

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर विधान  भवन परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

चौधरी साहब को देश के कृषि व राजस्व क्षेत्र में अनेक सुधार करने का श्रेय जाता है : मुख्यमंत्री

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर आज यहां विधान भवन परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न स्व0 चौधरी चरण सिंह जी की पावन पुण्यतिथि है। वह 29 मई, 1987 को अपनी नश्वर काया से मुक्त होकर दिवंगत हुए। भारत माता के महान सपूत तथा किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह जी का जन्म 23 दिसम्बर 1902 को उत्तर प्रदेश की धरती पर हुआ था।  उन्होंने देश के स्वाधीनता आंदोलन में भाग लेकर अपना अमूल्य योगदान दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी साहब को देश के कृषि व राजस्व क्षेत्र में अनेक सुधार करने का श्रेय जाता है। उनका स्पष्ट कहना था कि देश के विकास का रास्ता गांव और  खेत-खलियानों से होकर जाता है, इसलिए किसान विकास के एजेण्डे का हिस्सा तथा सरकार की प्राथमिकता में होना चाहिए। शासन की योजनाएं किसानों को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए। देश के हित के लिये चौधरी साहब द्वारा किए जाने वाले कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित किया गया। प्रदेश सरकार चौधरी साहब की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए किसानों के हित से जुड़े अनेक कार्यक्रम चला रही है। इनमें लखनऊ में प्रस्तावित चौधरी चरण सिंह सीड पार्क महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के0पी0 मलिक, सांसद बृज लाल, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, श्रीराम चन्द्र प्रधान, उमेश द्विवेदी, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *