तीज के रंग में रंगा विंध्याचल, सुहासिनी संघ ने सजाई संस्कृति और उल्लास की महफिल

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के लेडीज क्लब सुहासिनी संघ द्वारा 8 अगस्त 2026 को उमंग भवन में हर्षोल्लास के साथ तीज उत्सव समारोह का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम का आयोजन सुहासिनी संघ की अध्यक्षा श्रीमती पद्मालया होता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल एवं श्रीमती ई. निर्मला राव, अध्यक्षा वनिता समाज सहित सुहासिनी संघ की वरिष्ठ सदस्य एवं समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर सुहासिनी संघ की अध्यक्ष श्रीमती पद्मालया होता ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने तीज जैसे पारंपरिक पर्वों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मित्रता, एकजुटता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तीज समारोह में मनोरंजक एंट्रेंस गेम्स एवं सरप्राइज गेम्स के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिव स्तुति पर शास्त्रीय नृत्य, कजरी गीत, सामूहिक नृत्य तथा सावन और श्रृंगार की थीम पर विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सुहासिनी संघ की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘तीज क्वीन प्रतियोगिता’ रही, जिसका आयोजन तीन रोमांचक चरणों में किया गया। प्रतियोगिता में सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा एवं सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया। सुहासिनी संघ द्वारा आयोजित यह तीज समारोह परंपरा, उल्लास, प्रतिभा और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम ने सभी सदस्यों को एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान किया। इस आयोजन ने सुहासिनी संघ से जुड़े सभी सदस्यों के लिए तीज पर्व को एक यादगार अवसर बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *