खरगोन। एनटीपीसी खरगोन में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य रैली एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। स्कूटी, मोटरसाइकिल, साइकिल एवं अन्य वाहनों पर शान से लहराते तिरंगे ने पूरे टाउनशिप को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान उत्साह और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख केशब चंद्र सिंहा राय एवं महाप्रबंधक (ओएंडएम) अशोक कुमार मिश्रा ने रैली में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अहिल्या महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती देबामित्रा सिंहा राय ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति एवं सहभागिता से आयोजन की शोभा बढ़ाई। लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के भावों के बीच यह रैली राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशप्रेम का जीवंत संदेश बनी। हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में हिंदुस्तान—इसी भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
