25 केवी ट्रांसफार्मर में खराबी को लेकर जताया आक्रोश, जल्द समाधान की मांग
म्योरपुर, सोनभद। विकासखंड म्योरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंडा डीह के चंद्रभान नगर में 25 केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण पिछले लगभग एक माह से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जेई और एसडीओ को सूचना देने तथा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण मोहल्ले के कई घरों में बिजली नहीं पहुंच रही है। लगातार बिजली बाधित रहने से पेयजल की व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब समस्या का समाधान कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में विद्युत विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार, संपत मेहंदी, बबलू, अनंत यादव, आफताब हुसैन, राजेंद्र रवानी, सफीक अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर सही है। केवल एक खूंटी (फेज) से सप्लाई नहीं निकल रही है, जबकि अन्य फेज से बिजली आपूर्ति चालू है। जिस फेज में समस्या है, उसे भी जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
एक माह से बिजली आपूर्ति बाधित, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
