रामागुंडम। एनटीपीसी रामागुंडम ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गोदावरीखानी और पेड्डापल्ली के सरकारी एरिया अस्पतालों को कुल ₹43.50 लाख की लागत वाली दो अत्याधुनिक एम्बुलेंस प्रदान की हैं। इन एम्बुलेंस को एनटीपीसी रामागुंडम के कार्यकारी निदेशक (R&T) चंदन कुमार सामंता ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एनटीपीसी के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के प्रमुख, श्रमिक यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि तथा मानव संसाधन (HR) विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई ये एम्बुलेंस क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनके माध्यम से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने, गंभीर रोगियों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया समय कम करने तथा संबंधित सरकारी अस्पतालों के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर NTPC रामागुंडम प्रबंधन ने कहा कि कंपनी अपने परिचालन क्षेत्रों में जनकल्याण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह पहल समाज के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता और सामुदायिक विकास के प्रति उसके समर्पण का एक और उदाहरण है।
