सतर्कता और सत्यनिष्ठा को बनाएं अपनी पहचान – सीएमडी, एन. फ्रैंकलिन जयकुमार
सोनभद्र, सिंगरौली। सिंगरौली स्थित कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत 26 अक्टूबर, 2026 से 1 नवम्बर, 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को एनसीएल मुख्यालय में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सीएमडी, एनसीएल, एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने उपस्थित एनसीएल कर्मियों को जीवन के सभी क्षेत्रों में शुचिता, पारदर्शिता और ईमानदारी के उच्चतम मानकों का पालन करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अपने उद्बोधन में सीएमडी, एनसीएल, एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ को जीवन के हर क्षेत्र के लिए प्रासंगिक बताया और कहा कि सही मायनों में ईमानदारी और नैतिकता की असली कसौटी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर सही आचरण करना है। इसके साथ ही, श्री जयकुमार ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सुदृढ़ता के लिए कर्मठता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का होना अनिवार्य है। उन्होंने सत्यनिष्ठा को अंगीकार करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि लैब में कोयले की गुणवत्ता तो जाँची जा सकती है, लेकिन व्यक्ति का नैतिक आचरण उसके दैनिक कार्य-व्यवहार से झलकता है। अंत में, उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत युवाओं को सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूक करने तथा उपस्थित सभी लोगों से सत्यनिष्ठा को अपने दैनिक कार्यालयीन जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार; निदेशक (तकनीकी–परियोजना एवं योजना), संजय कुमार मिश्रा; मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल; एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों के महाप्रबंधकगण व उनकी टीमें, विभागाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार ने अपने संबोधन में सतर्कता को सफलता के मूल मंत्र के रूप में परिभाषित किया और कहा कि निवारक सतर्कता के मामले में एनसीएल का विजिलेंस विंग बेहतरीन कार्य कर रहा है। उन्होंने अनुशासन के महत्व को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि नियमों का पालन पूरी दृढ़ता के साथ होना चाहिए।
निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना), संजय कुमार मिश्रा ने सत्यनिष्ठा के मार्ग को कठिन बताते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा की भावना को आत्मसात करने के लिए आंतरिक इच्छाशक्ति का होना जरूरी है। इसके अलावा, उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। इसके पूर्व, स्वागत उद्बोधन में मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के सत्यनिष्ठ जीवन का अनुकरण करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने सत्यनिष्ठा के क्षेत्र में एनसीएल द्वारा अपनाई गई प्रथाओं के साथ-साथ अपनाने योग्य प्रथाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग से प्राप्त संदेशों का वाचन भी किया गया। इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (सतर्कता) द्वारा दिया गया।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित हुई सतर्कता जागरूकता दौड़
इसके पूर्व, सुबह एनसीएल मुख्यालय में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के तहत सतर्कता जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीएल के सीएमडी, निदेशक गण, मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित मुख्यालय के महाप्रबंधक गण, विभागाध्यक्ष, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्कूली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नैतिक आचरण के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने तथा पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
गौरतलब है कि एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। एनसीएल में इस सप्ताह के तहत विभिन्न सतर्कता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
