सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का समापन, विजेता प्रतिभागियों एवं कलाकारों को किया गया सम्मानित

Spread the love

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का आज दूसरे दिन विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ समापन हुआ। इस वर्ष महोत्सव की थीम “Probity for Prosperity – सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रही। महोत्सव का उद्देश्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

महोत्सव के दूसरे दिन फेस पेंटिंग एवं एकल गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, महोत्सव के दौरान आयोजित लाइव पेंटिंग कार्यशाला भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें शामिल कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से विभिन्न विचारों एवं भावनाओं को कैनवास पर जीवंत रूप प्रदान किया।

समापन समारोह के दौरान महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायकों एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला में भाग लेने वाले कलाकारों को उनके योगदान एवं उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दो दिनों के दौरान आयोजित स्ट्रीट पेंटिंग, रंगोली, पॉट पेंटिंग, फेस पेंटिंग एवं एकल गायन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

समापन सत्र में सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ)  पंकज कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों, कलाकारों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सतर्कता, सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता एवं ईमानदारी से कार्य करना एक सुदृढ़ और जिम्मेदार संगठन के निर्माण के लिए आवश्यक है।

रांची के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों एवं उनके रचनात्मक प्रयासों को लोगों ने भरपूर सराहा । वही आयोजकों ने उनकी सहभागिता के लिए एवं कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त किया ।ज्ञात हो कि देश के विभिन्न हिस्सों से आये लाइव पेंटिंग के कलाकारों ने कैनवास पर  सजीव चित्रण के द्वारा इस कार्यक्रम को जीवंत बना दिया । दर्शकों ने उनके इस हुनर को खूब सराहा । उदीयमान चित्रकारों हेतु यह पहल अनुकरणीय रही ।अंत में राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *