बोकारो स्टील प्लांट में वेंडर मीट का आयोजन, टाउनशिप से जुड़े15 प्रमुख कार्यों पर चर्चा

Spread the love

बोकारो । स्टील प्लांट के कॉन्ट्रैक्ट सेल (नॉन-वर्क्स) विभाग द्वारा 9 मई को नगर प्रशासन विभाग से संबंधित 15 प्रमुख कार्यों के लिए एक वेंडर मीट का आयोजन किया गया। इस बैठक में कुल 45 वेंडरों ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य संभावित वेंडरों को आगामी निविदाओं के कार्यक्षेत्र, तकनीकी आवश्यकताओं, सुरक्षा मानकों तथा गुणवत्ता संबंधी अपेक्षाओं की विस्तृत जानकारी देना था। साथ ही भविष्य की निविदाओं के लिए वेंडर बेस का विस्तार करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा. वेंडर मीट में जिन प्रमुख कार्यों पर चर्चा की गई, उनमें दो लाख से अधिक पौधों का वृक्षारोपण, बीएसएल क्षेत्र में विज्ञापन सामग्री का प्रदर्शन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ओवरहेड वाटर टैंक की सफाई, स्किड लोडर के माध्यम से ड्रेन और बर्म की सफाई, सीसीटीवी कैमरा एवं मॉनिटरिंग सिस्टम की स्थापना एवं रखरखाव, 1250 केवीए तक के डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत, सुपर सकर एवं जेटिंग मशीन द्वारा सीवरेज लाइन की मैकेनाइज्ड सफाई, मच्छर नियंत्रण हेतु फॉगिंग मशीन के माध्यम से कोल्ड एवं थर्मल फॉगिंग, जलाशयों की डी-सिल्टिंग, बड़े रिजर्वायर डैम की स्टील संरचना की मरम्मत एवं रोप चेंजिंग, बड़े भूमिगत जलाशयों की मैकेनाइज्ड सफाई, मध्यम आकार के चिड़ियाघर का प्रबंधन, तालाबों में मत्स्य पालन एवं हार्वेस्टिंग तथा बीएसएल के दुग्गल गेट के पास ट्रांजिट पार्किंग संचालन जैसे कार्य शामिल थे।

बैठक का आयोजन दो सत्रों में किया गया, जिसमें बीएसएल में टेंडर जमा करने की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई. अधिकारियों ने निविदा दस्तावेजों के सही तरीके से प्रस्तुतिकरण, पात्रता संबंधी आवश्यकताओं तथा सामान्य त्रुटियों से बचने के उपायों की जानकारी दी, ताकि निविदाओं की अस्वीकृति न्यूनतम हो सके. तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न प्रस्तावों, पात्रता मानदंडों तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से प्रस्तुति दी गई. इससे वेंडरों को परियोजनाओं की अपेक्षाओं और मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिली।

वरिष्ठ अधिकारियों ने टाउनशिप में उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इन कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन टाउनशिप निवासियों के कल्याण और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता से सीधे जुड़ा हुआ है. कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने सुव्यवस्थित आयोजन, तकनीकी जानकारी और संबंधित विभागों के साथ सीधे संवाद के अवसर की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *