सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के दौरान एनसीएल में आयोजित हुए विविध जनजागरूकता कार्यक्रम

Spread the love

सोनभद्र/सिंगरौली।भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में 27 अक्टूबर 2025 से 2 नवम्बर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 मनाया गया ,  जिसके तहत एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों में ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों एवं विशिष्ट गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में एनसीएल मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता से संबंधित प्रशिक्षण सत्र, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं सतर्कता दौड़ का आयोजन किया गया। दूधीचुआ परियोजना एवं सीडबल्यूएस इकाई  द्वारा ग्राम सभा का आयोजन कर ग्रामीणों को सतर्कता के महत्व से अवगत कराया गया।

इसके अतिरिक्त सभी परियोजना एवं इकाइयों में वृहद स्तर पर निबंध एवं स्लोगन लेखन, ड्राइंग व पेंटिंग, रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनाओं के माध्यम से ईमानदारी एवं पारदर्शिता का संदेश दिया। 

इसी कड़ी में झिंगुरदा व जयंत परियोजना एवं एनएससी में सतर्कता दौड़ आयोजित की गई, जिसके माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों एवं परियोजनाओं की टीम ने सतर्कता का संदेश स्थानीय समुदाय तक पहुँचाया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के दौरान एनसीएल की बीना परियोजना द्वारा “पेन ऑफ इंटीग्रिटी” कार्यक्रम के अंतर्गत “कार्यस्थल पर सतर्कता — हमारी साझा ज़िम्मेदारी” संदेश से अंकित पेन का वितरण किया गया। वहीं, अमलोरी, निगाही, जयंत परियोजनाओं एवं एनएससी द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सतर्कता के महत्व ज़ोर दिया गया।

ककरी एवं जयंत परियोजनाओं द्वारा सतर्कता रैली का आयोजन किया गया। साथ ही, विभिन्न परियोजनाओं में वेंडर मीट एवं शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें उपस्थित प्रतिभागियों की शिकायतों के समयबद्ध निपटान पर बल दिया गया।

उक्त सप्ताह के दौरान एनसीएल एनएससी द्वारा गत शनिवार को “चिकित्सीय प्रिस्क्रिप्शन में स्पष्टता से संबंधित उच्च न्यायालय के निर्णय” विषय पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में चिकित्सकीय शिक्षा में हस्तलेखन सुधार करने एवं चिकित्सक प्रिस्क्रिप्शन को  स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में लिखे जाने पर बल दिया गया। 

गौरतलब है कि एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों द्वारा सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन किया गया एवं समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। कंपनी मुख्यालय में भी सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *