प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर रेलवे बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 20 सितंबर 2026 को रेलवे सुरक्षा बल, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज, प्रयागराज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रे.सु.ब., उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गुब्बारा मोचन के साथ हुआ। इस अवसर पर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अंकित पट्टिका को गुब्बारों के माध्यम से आकाश में छोड़ा गया। इसके पश्चात क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं द्वारा परिसर की साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छता एवं स्वच्छ परिसर का संदेश दिया गया।
महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त द्वारा अंतरंग (Indoor) एवं बहिरंग (Outdoor) प्रशिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में प्रशिक्षण व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके साथ ही मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं तथा अंतरंग एवं बहिरंग प्रशिक्षकों का सुरक्षा सम्मेलन भी आयोजित किया गया। सम्मेलन में रेलवे सुरक्षा, अनुशासन एवं प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ के साथ पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारीगण, बल सदस्य एवं प्रशिक्षु सामूहिक रूप से शामिल हुए। रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
