सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत रेणुकूट स्वास्थ्य शिविर में 50 मरीजों का हुआ परीक्षण

Spread the love

रेणुकूट। उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नगर पंचायत रेणुकूट परिसर में ईएसआई औषधालय रेणुकूट एवं कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय पिपरी के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों एवं आमजन को ईएसआई की ओर से उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषिमणि त्रिपाठी एवं डॉ. बृजेश कुमार मौर्य ने उपस्थित लोगों को ईएसआई की विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं, उपलब्ध सेवाओं तथा पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान करीब 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों की रक्तचाप, रक्त शर्करा और वजन की जांच करने के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इस अवसर पर नगर पंचायत रेणुकूट की चेयरमैन ममता सिंह ने ईएसआई की टीम का स्वागत किया। उन्होंने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए लोगों से ईएसआई की स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर के सफल आयोजन में साधना कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार शुक्ला, राकेश कुमार एवं शैलेंद्र सोनकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि मणि त्रिपाठी ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से श्रमिकों एवं आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा निवारक एवं प्रोत्साहक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *