सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्रांतर्गत कलवारी-खलियारी स्टेट हाईवे पर ढुटेर गांव में स्थित एक मोबाइल शॉप की दुकान में बुधवार की सुबह एक डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर घुस गया जिससे दुकान सहित उसमें रखे लाखों रुपए का सामान नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को अपने गिरफ्त में लेते हुए मौका मुआयना किया। बुधवार की सुबह करीब 6ः30 बजे राबर्ट्सगंज की तरफ तीव्र गति से जा रही डीसीएम ट्रक ने अनियंत्रित होकर पुलिया में टक्कर मारते हुए गुमती में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी की पुलिया की रेलिंग भी टूट गई। इसके साथ ही गुमती के पीछे सटा हुआ कच्चा मकान भी जमींदोज हो गया। संयोग ही रहा कि इस दौरान उक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। डीसीएम चालक ने बताया कि उस वक्त उसे अचानक झपकी लग गई थी, जिससे यह घटना घटी। दुकानदार राजेश चौहान ने बताया कि इस संबंध में संबंधित पुलिस को तहरीर दे दी गई है। भुक्तभोगी दुकानदार के अनुसार उक्त घटना में उसके दुकान में रखे कंप्यूटर, मोबाइल सहित लगभग 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी ट्रक चालक से क्षति की भरपाई कराए जाने का आग्रह किया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अनियंत्रित ट्रक दुकान में घुसी, कच्चा घर भी धराशायी
