अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड ने स्थापित की सौर ऊर्जा संचालित पेयजल प्रणाली

Spread the love

सोनभद्र। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स द्वारा अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम बिल्ली (क्लस्टर आवास के समीप) एवं ग्राम कोटा में सौर ऊर्जा संचालित पेयजल प्रणाली की स्थापना की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत पेयजल उपलब्ध कराना, जलजनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग देना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार लाना है। सौर ऊर्जा आधारित यह प्रणाली बिजली पर निर्भरता कम करते हुए कम रखरखाव के साथ लंबे समय तक पेयजल उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी। इस जनहितकारी परियोजना का क्रियान्वयन इकाई प्रमुख संदीप हिवरेकर के दिशा-निर्देशन एवं मानव संसाधन प्रमुख डॉ. शशिकांत के मार्गदर्शन में किया गया। परियोजना का शुभारंभ ग्राम बिल्ली के प्रधान प्रतिनिधिअमरेश यादव एवं ग्राम कोटा के ग्राम प्रधान प्रहलाद चेरो द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर सीएसआर प्रमुख निशा तिर्की ने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड स्थानीय समुदाय के समग्र एवं सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य के तहत कंपनी पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी विभिन्न ग्रामों में हैंडपंप, सौर ऊर्जा संचालित पेयजल प्रणालियों एवं अन्य सामुदायिक विकास परियोजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया है। भविष्य में भी स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में सीएसआर अधिकारी  रोहित श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के सीएसआर विभाग द्वारा जनहित एवं ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सौर ऊर्जा संचालित पेयजल प्रणाली से ग्रामीणों को वर्षभर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा तथा उनकी दैनिक जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *