बिड़ला कार्बन प्लांट में शान से लहराया तिरंगा,उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

Spread the love

 रेणुकूट। बिड़ला कार्बन प्लांट परिसर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूनिट हेड शिवशंकर सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर एचआर हेड जीवन सिंह बोरा एवं मैन्युफैक्चरिंग हेड आशीष कटारिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम में सुरक्षा विभाग के जांबाज जवानों द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को शानदार गार्ड ऑफ ऑनर

दिया गया। सुरक्षा जवानों की अनुशासित प्रस्तुति ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी कर्मचारियों को देश और संस्थान की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के अंत में संस्थान के लिए बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। वहीं बिड़ला कार्बन के सीएसआर के अंतर्गत कोड़री गांव स्थित स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा सुबह निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति के नारों के साथ बच्चों ने गांव का भ्रमण किया। प्रभात फेरी के दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसके बाद विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। समारोह के समापन पर बच्चों को मिठाई वितरित की गई तथा विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं पारितोषिक देकर प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *