पीडीडीयू/चंदौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अस्मिता नाट्य सांस्कृतिक संस्थान एवं ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में “अस्मिता पौधारोपण अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी अलीनगर कार्यालय एवं महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी अलीनगर द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी पूजा कौर भी उपस्थित रहीं। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संस्था द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। वर्तमान समय में प्रकृति और जलवायु में तेजी से हो रहे बदलाव हम सभी के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
इसके उपरांत महिला थाना परिसर में थाना प्रभारी पूजा कौर ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था ने इस वर्ष 1100 पौधे लगाने का संकल्प लिया है। यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण पर बढ़ते संकट को देखते हुए मानव समाज को गंभीरता से चिंतन करने और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। संस्था के सचिव विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चलाया जा रहा यह अभियान “अस्मिता वृक्षारोपण अभियान” के नाम से संचालित किया जा रहा है तथा प्रत्येक पौधे को “अस्मिता” नाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के चेयरपर्सन कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण ही हमारे जीवन का आधार है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी किसी अन्य पर छोड़ने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं आगे आना होगा। पेड़-पौधों का संरक्षण, जल बचत तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसी छोटी-छोटी पहलें मिलकर पर्यावरण संरक्षण का बड़ा आधार बन सकती हैं। कार्यक्रम में अनिल मौर्य, धीरज कुमार, संजय कुमार, देवेश कुमार, मनीष द्विवेदी,नारायण,ईश्वरी नारायण जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
