सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सीएसआर योजना के तहत आयोजित त्रैमासिक कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा जेसीबी ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह दिनांक 24.03.2025 को स्थानीय कर्मचारी विकास केंद्र, एनटीपीसी सिंगरौली में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजीव अकोटकर, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती पीयूषा अकोटकर, अध्यक्षा, वनिता समाज उपस्थित रहीं।
इस दौरान कुल 45 ग्रामीण युवक-युवतियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं 30 ग्रामीण युवक-युवतियों जेसीबी ऑपरेटर प्रशिक्षण में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। श्री राजीव अकोटकर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी और कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं युवतियों को समकालीन दौर के रोजगार के लिए तैयार करने मे एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

एनटीपीसी सिंगरौली के मानव संसाधन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को तकनीकी कौशल से युक्त कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में पूरे आत्मविश्वास के साथ सम्मिलित हो सकें।
इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के जोसफ बास्टियन, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), रश्मि रंजन मोहंती, अपर महाप्रबंधक, (तकनीकी सेवाएँ), सिद्धार्थ मण्डल, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), डी. एन. पाण्डेय, उप महाप्रबंधक (प्लांट सिविल मेंटेनेंस), तथा वनिता समाज की सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन श्री कुमार आदर्श, कार्यपालक (सीएसआर) तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ओम प्रकाश, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ने किया।
समारोह में उपस्थित सभी महानुभावों ने इस पहल की सराहना की और इसके आगामी संस्करणों की सफलता की कामना की।
