सोनभद्र। गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत मारकुंडी-गुरमा जिला जेल मुख्य मार्ग स्थित अंडरग्राउंड रेलवे पुलिया के नीचे जलजमाव होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिया के नीचे अत्यधिक पानी जमा हो गया है। इससे छोटे-बड़े वाहनों के साथ पैदल राहगीरों, साइकिल सवारों, रिक्शा चालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया के नीचे जमीन से भी लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे जलस्तर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जलजमाव के कारण कई छोटे वाहनों के चेंबर और साइलेंसर में पानी घुसने से वाहन खराब हो रहे हैं। वहीं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को पानी के बीच से गुजरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूरज यादव द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार मोबाइल फोन के माध्यम से मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है।
इस संबंध में क्षेत्र के प्रबुद्ध ग्रामीणों मदन मोहन यादव, सुरेंद्र यादव, राकेश मिश्रा, प्रशांत कुमार मिश्रा, सुनील अग्रहरि, प्रमोद कुशवाहा, लालसा प्रसाद सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से अविलंब जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
अंडरग्राउंड रेलवे पुलिया में जलजमाव से आवागमन प्रभावित, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
