सम्पूर्ण समाधान दिवस : शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई – जिलाधिकारी 

Spread the love

चंन्दौली। आमजन की जनसमस्याओं और शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से चकिया तहसील सभागार में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट व कड़े निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों में न दिखे, बल्कि धरातल पर पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।  

समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और भूमि विवाद से जुड़े कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 07 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। 05 पर टीम गठित कर जांच हेतु एवं शेष पर प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध और निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया। जमीनी विवाद में भूमि पैमाइश, अवैध कब्जों और राजस्व व पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जल-निकासी की समस्या पर बारिश व जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों में जल-निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित निकायों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को तत्काल कदम उठाने को कहा गया। सड़क मेंटेनेंस पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व मेंटेनेंस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने और त्वरित मरम्मत कराने के निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि निस्तारण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायत निस्तारण में लापरवाही या फर्जी आख्या (रिपोर्ट) लगाने का मामला सामने आया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सामुदायिक शौचालय ईशापुर कला के केयरटेकर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र देकर मानदेय भुगतान न होने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि पूर्व सचिव की लापरवाही से भुगतान रुका हुआ था। इस पर डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को तत्काल अग्रिम कार्रवाई करते हुए बकाया भुगतान जल्द से जल्द करने के कड़े निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए थानों से आए मामलों के निष्पक्ष व त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी नरेगा,  उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), अधिशासी अभियंता विद्युत, नायब तहसीलदार, राजस्व, विकास, विद्युत व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *