दुद्धी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को स्थानीय डीएलसी पब्लिक स्कूल में “एक पेड़ नाम के नाम” शीर्षक से पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की महत्ता, पौधों की अंधाधुंध कटाई रोकने तथा वृक्षों के अभाव से होने वाले दुष्प्रभावों को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने बच्चों द्वारा बनाई पोस्टर की प्रशंसा करते हुए बच्चों से संवाद के क्रम में कहा कि बदलता मौसम, बढ़ती गर्मी और अनियमित वर्षा का प्रमुख कारण तेजी से हो रही वृक्षों की कटाई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।उन्होंने बच्चों से अपील की कि विद्यालय से दिए जा रहे पौधों को अपने घर ले जाकर स्वयं रोपित करें तथा नियमित रूप से उनकी देखभाल और सिंचाई करें, ताकि वे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन हमें पेड़-पौधों से ही प्राप्त होती है, इसलिए उनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, सभासद प्रेमनारायण सिंह तथा विद्यालय प्रबंधक श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से स्कूली बच्चों को 300 से अधिक पौधों का वितरण किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामानुज दूबे, गोविंद मिश्रा, वाल्मीकि द्विवेदी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
