कतार बद्ध होकर भक्तों ने किया मां का दर्शन पूजन
अहरौरा, मिर्जापुर । श्रावण मास के पहले रविवार को क्षेत्र के अहरौरा डीह में स्थित ऊंचे पर्वत पर बिराजमान मां भंडारी देवी के दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचे हजारों भक्तों ने कतार में लग कर मां के दरबार में पहुंच कर दर्शन पूजन किया और अपनी मनोकामनाओं को पूरा होने के लिए प्रार्थना किया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के अहरौरा डीह ग्राम पंचायत में स्थित ऊंचे पर्वत पर बिराजमान मां भंडारी देवी क्षेत्र के कुल देवी के रूप में भी विख्यात हैं।
और मां के दरबार में सावन माह के प्रत्येक रविवार और मंगलवार को दूर दूर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है यहां आकर भक्त मां को हलुआ, पूड़ी, नारियल, चुनरी, लचीदाना चढ़ाने के साथ ही मां के चरणों में मत्था टेकते हैं। सावन में मंदिर परिसर सहित पहाड़ी के नीचे मेले जैसा दृश्य दिखाई देता है। मां भंडारी मंदिर के पुजारी संदीप पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय ने बताया की इस वर्ष भंडारी मां अपने मायके से सावन को दूसरे मंगलवार को भंडारी देवी पर्वत पर आयेंगी इस लिए इस वर्ष दर्शनार्थियों की संख्या अधिक होगी। उन्होंने बताया की प्रत्येक तीन वर्ष पर भंडारी मां को नैहर से ससुराल डोली में बिठा कर भक्त लाते है। इस सावन भी 11 अगस्त को भंडारी देवी को गाजे बाजे के साथ हजारों भक्त ले आयेंगे।
