जनजातीय गौरव दिवस पर सांस्कृतिक महोत्सव में गूंजी बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान की गाथा

Spread the love

बभनी, सोनभद्र। जनता इंटर कॉलेज बभनी के प्रांगण में शुक्रवार को सेवा समर्पण संस्थान की ओर से जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, लोककला और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली। क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक सांस्कृतिक टीमों ने कर्मा, मृदंग, डमकच और झूमर जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ मां भारती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री आनंद जी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला महामंत्री शारदा सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोंड तथा सेवा समर्पण संस्थान के जिला उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह खरवार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता एवं अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के लोककला प्रमुख बीरबल सिंह ने जनजातीय समाज की लोक संस्कृति, कला और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने पर जोर दिया। वहीं संगठन मंत्री आनंद जी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम पिछले 75 वर्षों से जनजातीय समाज की पूजा पद्धति, साहित्य, संस्कृति और लोक कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रहा है। अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारियों का जीवन आज भी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
महोत्सव में कर्मा की 13, मृदंग की पांच, डोमकच की तीन और झूमर की चार टीमों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से जनजातीय जीवन और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवनारायण सिंह खरवार ने की, जबकि संचालन रामप्रकाश पांडेय एवं अमरदेव पांडेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *