पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बने स्मृति द्वार से जुड़ी सड़क बदहाल

Spread the love

ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी दुद्धी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा 

दुद्धी, सोनभद्र। विकास खंड दुद्धी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीडर में मुख्य मार्ग से बावनझरिया टोला को जोड़ने वाली ग्रामीण पक्की सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। यह सड़क पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति द्वार (मेन रोड) से शुरू होती है। वर्तमान में इस मार्ग की स्थिति इतनी दयनीय है कि यह पूरी तरह से बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जलभराव के कारण सड़क पर भारी कीचड़ और धूल का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई-

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सड़क के पुनर्निर्माण के लिए शासन और प्रशासन को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। हाल ही में बीते 2 मई 2026 को भी तहसील दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत की मांग की थी। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग-

सड़क की बदहाली और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर लोकेश चन्द्र, अजय कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश, सत्येन्द्र, अनिकेत, प्रदीप कुमार और राजिन्द्र कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने आज 16 मई  पुनः उप जिलाधिकारी दुद्धी सोनभद्र को एक सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि इस जर्जर मार्ग की सुध ली जाए और आम जनता को इस नारकीय स्थिति से निजात दिलाने के लिए सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण का आदेश जारी किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *