सतर्कता केवल किसी निश्चित अवधि तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की कार्यशैली और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए – परियोजना प्रमुख, बी के साहू
खुर्जा । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (केएसटीपीपी) में केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 17 अगस्त से 16 नवम्बर 2026 तक आयोजित तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 सोमवार को संपन्न हुआ। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” की थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य संगठन में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ समाज में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

अभियान के अंतर्गत कुल 18 विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 3,380 प्रतिभागियों की सहभागिता दर्ज की गई। इस दौरान टीएचडीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा संविदा पर कार्यरत हाउसकीपिंग कर्मियों को भी जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा गया। टीएचडीसी में इस अभियान का शुभारंभ 17 अगस्त 2026 को एनसीआर कार्यालय, कौशाम्बी में मुख्य सतर्कता अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। इसके पश्चात 18 अगस्त को केएसटीपीपी के कॉन्फ्रेंस हॉल में परियोजना प्रमुख (HOP) की उपस्थिति में अभियान का उद्घाटन किया गया।
अभियान के प्रमुख आकर्षणों में विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। आदर्श इंटर कॉलेज, खुर्जा; सेकेंडरी स्कूल, बड़ा गांव; लॉर्ड राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल, नगला शेखू; के.एल. शास्त्री इंटर कॉलेज, मुनी; पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, ढकुरा; विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बुलंदशहर तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, दशहरा सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों के लिए भाषण, वाद-विवाद, नारा-लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से ईमानदारी, नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कर्मचारियों के बीच नैतिक जिम्मेदारी एवं सत्यनिष्ठा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 26 अक्टूबर को केएसटीपीपी कार्यालय में सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख बी.के. साहू की उपस्थिति में लगभग 60 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार से दूर रहने की शपथ ली।
इसी क्रम में 26 अक्टूबर को कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें टीएचडीसी के लगभग 60 कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन, निष्पक्षता, आपसी सहयोग एवं नियमों के पालन जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर एन. के. भट्ट, अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) ने कहा कि जिस प्रकार खेल में निष्पक्षता और अनुशासन सफलता के लिए आवश्यक हैं, उसी प्रकार संगठनात्मक कार्यों में भी ईमानदारी एवं जवाबदेही का पालन अनिवार्य है।
अभियान के दौरान कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को भी जागरूकता गतिविधियों से जोड़ा गया। जागरूकता वार्ताओं, प्रश्नोत्तरी, स्वास्थ्य-जांच शिविर तथा अन्य सहभागितापूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से नैतिक आचरण, कार्यस्थल पर जिम्मेदारी और सतर्कता के महत्व को रेखांकित किया गया। दिनांक 12 अक्टूबर को मंजरी लेडीज क्लब के सदस्यों के लिए भाषण प्रतियोगिता एवं बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
तीन माह तक चले इस अभियान ने संगठन की आंतरिक गतिविधियों से आगे बढ़कर शैक्षणिक संस्थानों और व्यापक सामाजिक परिवेश तक अपनी पहुँच बनाई। विभिन्न आयु-वर्गों एवं कार्य-समूहों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण केवल संस्थागत प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत आचरण में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता अपनाने से संभव है।
अभियान के समापन के अवसर पर सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख बी के साहू ने अपने संबोधन में यह संदेश दिया कि सतर्कता केवल किसी निश्चित अवधि तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की कार्यशैली और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त, जिम्मेदार और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इन सभी गतिविधियों को आयोजित करने में एन. के. भट्ट, अपर महाप्रबंधक (सतर्कता), मोहित गोयल, प्रबंधक (सतर्कता) एवं प्रभात कुमार, सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) समेत समस्त सतर्कता एवं मानव संसाधन विभाग की प्रमुख भूमिका रही।
