आलापुर, अंबेडकर नगर। कृष्ण कन्हैया के जन्म के इंतजार में घड़ी की सुइयांँ जैसे-जैसे रात के 12 बजे की ओर बढ़ रही थी वैसे-वैसे ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र जहांँगीरगंज, राजेसुलतानपुर में कान्हा के स्वागत का उत्साह चरम पर पहुंँच रहा था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर थाना प्रभारी रितेश पांडेय एवं थाना प्रभारी राजेसुल्तानपुर तनुज कुमार पाल आगंतुकों का स्वागत करते हुए यथोचित सत्कार किया। कहते हैं कि जहांँ आस्था होती है वहांँ दूरियांँ मिट जाती है आज नगरीय क्षेत्र राजेसुल्तानपुर, जहांँगीरगंज के मंदिर और थाना एक ही रंग में रंगे हुए थे और वह रंग था कृष्ण कन्हैया के जन्म का इन्तजार।
रात्रि 12 बजे होते ही बाल गोपाल के प्रकाट्य उत्सव को लेकर हर तरफ “नंद घर आनंद भयो’ की गूंँज उठी। ग्राम कल्यानपुर मे स्थित कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में माताओं एवं बहनों ने सोहर गीत गाकर भगवान श्री कृष्ण कन्हैया के जन्म का स्वागत सम्मान किया। थाने पर खाकी और अवाम के बीच की कड़वाहट को भुलाकर खुद थानाध्यक्ष रितेश पांडेय और तनुज कुमार पाल हर आने वाले भक्त और आगंतुको का स्वागत एक स्वागताकांक्षी की तरह कर रहे थे। जो इस पावन उत्सव को और भी खास बना रहा था। कृष्ण कन्हैया के जन्म लेते ही कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में माताओं बहनों की गीत नृत्य के साथ घंटे घड़ियाल की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और फिर सभी लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।
