पटना में 8 सितंबर को होगा एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज का क्षेत्रीय दौर

Spread the love

ऊर्जा ऑडिटोरियम में जुटेंगे इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी

पटना, । देश की अग्रणी एकीकृत विद्युत कंपनी एनटीपीसी द्वारा अपने प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के क्षेत्रीय दौर का आयोजन 8 सितंबर 2026 को पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों के विद्यार्थी अपनी ज्ञान क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।

इस वर्ष इलेक्ट्रॉन क्विज की थीम ‘द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट’ रखी गई है। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में दो सदस्य होंगे। क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवसाय प्रबंधन, उद्योग, अर्थव्यवस्था तथा समसामयिक विषयों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी जानकारी और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 का आयोजन देशभर में नौ क्षेत्रीय केंद्रों—लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में किया जा रहा है। पटना क्षेत्रीय दौर में बिहार के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की टीमें हिस्सा लेंगी।

क्षेत्रीय दौर में विजेता टीम को ₹60,000, जबकि उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को क्रमशः ₹40,000 और ₹20,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चौथे से छठे स्थान पर रहने वाली प्रत्येक टीम को ₹8,000 प्रदान किए जाएंगे।

पटना क्षेत्रीय दौर की शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। प्रत्येक क्षेत्रीय सेमीफाइनल से शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल में प्रवेश करेंगी। राष्ट्रीय सेमीफाइनल और फाइनल का आयोजन क्रमशः 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI), नोएडा में किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को ₹1 लाख, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को क्रमशः ₹60,000 और ₹40,000 प्रदान किए जाएंगे। चौथे से छठे स्थान की टीमों को ₹16,000 प्रत्येक, जबकि शेष 12 फाइनलिस्ट टीमों को ₹8,000 प्रत्येक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

इलेक्ट्रॉन क्विज एनटीपीसी की युवा प्रतिभाओं के साथ जुड़ने और विद्यार्थियों में ज्ञान, जिज्ञासा, तार्किक क्षमता, टीमवर्क तथा व्यवसाय एवं प्रबंधन की समझ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उद्योग जगत की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है।

एनटीपीसी विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है तथा इसकी कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 91 गीगावाट से अधिक है। इलेक्ट्रॉन क्विज जैसे आयोजनों के माध्यम से एनटीपीसी देश के युवा वर्ग के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने के साथ-साथ भावी पेशेवरों एवं नेतृत्वकर्ताओं को प्रोत्साहित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *