विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी नेविभिन्न बूथों का किया निरीक्षण

Spread the love

पात्र मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण एवं प्राप्त प्रपत्रों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

चन्दौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR-2027) के अंतर्गत आज आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों एवं बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पंजीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने, प्रविष्टियों में संशोधन तथा अपात्र प्रविष्टियों के अपमार्जन से संबंधित फॉर्म-6, 7 एवं 8 का नियमानुसार त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए व्यापक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि जनपद में 17 नवम्बर, 2026 से प्रारंभ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया आगामी 04 जनवरी, 2027 तक संचालित होगी। इसके अंतर्गत 16 दिसम्बर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए जनपद के सभी 1,673 मतदेय स्थलों पर मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। विशेष अभियान दिवसों पर बीएलओ प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त अन्य कार्यदिवसों में घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों को चिन्हित कर मतदाता सूची में उनका नाम शामिल कराने की कार्रवाई की जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य कर लें तथा नाम दर्ज कराने अथवा किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। निर्वाचन नामावली से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए नागरिक प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक जिला स्तरीय संपर्क केंद्र (DCC) के टोल-फ्री नंबर 05412-1950 अथवा राज्य स्तरीय संपर्क केंद्र (SCC) के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *